क्या अब भी त्यौहारों की कुछ अहमियत है?
परमात्मा ने सिर्फ दिन, रात बनाए हैं।
त्यौहारों, रीति रिवाजों से उसका कोई ताल्लुक़ नहीं।
त्यौहार, चाहे किसी भी मज़हब के हों, इंसानी दिमाग की उपज हैं।
इनका ईजाद हमारे बुज़ुर्गों ने दो वजहों से किया :
(क) पहले के ज़माने में मनोरंजन के साधनों की बेशुमार कमी थी, अमूमन एक ही वसीला होता था। इसी वसीले की बदौलत हर घर में बच्चों की भरपूर फ़स्ल होती थी।
(ख) आवा-जाही के अच्छे साधन नहीं थे। रिश्तेदारों, दोस्तों का मेल मिलाप बमुश्किल था। त्यौहारों के बहाने लोग एक दूसरे से मिलते, ख़ैरियत पूछ लेते थे।
मौजूदा माहौल में मनोरंजन के साधनों की भरमार है। हवाई जहाज़, रेलवे के ज़रिए कहीं भी, कभी भी आसानी से पहुँचा जा सकता है।
क्या अब भी त्यौहारों की कुछ अहमियत है?
मेरा मानना है कि आज कल जिस तरीके से त्यौहार मनाए जा रहे हैं, नुक्सान ज़्यादा और फ़ायदे ना के बराबर हैं।
पटाखों, विसर्जनों के ज़रिए आब-ओ-हवा को गंदा किया जा रहा है, जानवरों, परिंदों को परेशान किया जा रहा है।
कुर्बानियों, बलियों के नाम पर बेज़ुबान पशुओं की, अपनी जीभ के स्वाद के ख़ातिर, निर्मम हत्या की जा रही है।
त्यौहार सांप्रदायिक दंगों, फसादों की वजह बन गए हैं।
रात को बड़े बड़े लाऊड स्पीकर लगाकर धार्मिक प्रवचनों से दिन भर कड़ी मेहनत करने वालों की नींदें हराम की जा रही है।
अनुष्ठानों के नाम पर, धार्मिक स्थानों में, सरेआम लूटा जा रहा है।
मौजूदा वक़्त में त्यौहार का मतलब है खुला लाईसेंस मिलना - हुल्लड़ बाजी करने का, लोगों को परेशान करने का।
मसलन, होली का अब मतलब है शराब पी कर बगैर साइलेंसर के तेज़ रफ़्तार से मोटर साइकिल चलाना, गाडियों में तेज़ आवाज़ में बेहूदा गाने लगाना।
सरकारी दफ्तरों में वैसे भी आम दिनों में काम नहीं होता। त्यौहारों की छुट्टियाँ अवाम की मुश्किलातें और बढ़ा देती हैं।
यह बेहद शर्म की बात है कि पूरे विश्व में भारत के सरकारी दफ्तरों में ही सबसे ज़्यादा छुटियाँ मनाई जाती हैं।
जब मैं पंजाब विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रहा था तो हमारे एक प्रोफेसर ने कहा था "हमारे मुल्क में वर्कर्स नहीं, वर्क शर्कर्स (काम से जी चुराने वाले) हैं।"
आइए हम अपने त्यौहारों को सही ढंग से मनाएं।
कुछ यूँ मनाएं कि क़ायनात का कुछ भी नुक्सान ना हो। हमारे जेहन में दूसरों के लिए हमदर्दी, प्यार का इज़ाफ़ा हो।
~ संजय गार्गीश ~
Comments
Post a Comment